ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। जिले में किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज, उर्वरक और कीटनाशक उचित दर पर उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग लगातार निरीक्षण कर रहा है। इसी क्रम में मेसर्स गौतम कृषि केंद्र, ग्राम बफना पर बड़ी कार्रवाई की गई है।
कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार उप संचालक कृषि श्री कैलाश मरकाम के नेतृत्व में उड़नदस्ता दल द्वारा जिलेभर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य किसानों को सही समय पर गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण में मिली अनियमितताएं
ग्राम बफना स्थित मेसर्स गौतम कृषि केंद्र में निरीक्षण के दौरान यूरिया उर्वरक के भौतिक सत्यापन में गड़बड़ी पाई गई। पीओएस मशीन के रिकॉर्ड और किसानों को वितरित उर्वरक में अंतर मिला। इसके अलावा स्टॉक रजिस्टर संधारित नहीं पाया गया, विक्रय दर बोर्ड नहीं लगा था तथा किसानों को बिल भी प्रदान नहीं किया जा रहा था।
21 दिवस के लिए क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध
इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए कृषि विभाग ने संबंधित केंद्र पर 21 दिनों के लिए उर्वरक के क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच भी जारी है।
निरीक्षण टीम रही मौजूद
कार्रवाई के दौरान उर्वरक निरीक्षक श्री शशिकांत नाग सहित उड़नदस्ता दल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
किसानों के हित में सख्ती जारी
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।








