ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । कोंडागांव में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आर्थिक कुप्रबंधन और कमजोर कूटनीति के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का जीवन मुश्किल होता जा रहा है।
गैस सिलेंडर कीमतों में भारी बढ़ोतरी
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश पटेल ने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 196 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं पिछले तीन महीनों में कुल 525 रुपये तक की वृद्धि हो चुकी है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में भी 62 रुपये की बढ़ोतरी से आम परिवारों का बजट बिगड़ गया है।
पेट्रोल-डीजल और ईंधन कीमतों पर सवाल
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज घटाने का प्रचार भ्रामक है। वास्तविकता में पेट्रोल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है और कई जगह 4 रुपये तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एविएशन फ्यूल महंगा होने से हवाई यात्रा भी आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है।
रसोई का बजट बिगड़ा, आम जनता परेशान
खाद्य तेल, दूध, मावा सहित रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों में बढ़ोतरी से आम आदमी की कमर टूट गई है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 400 रुपये से बढ़कर लगभग 1000 रुपये तक पहुंच गए हैं, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 1580 रुपये से बढ़कर 1691 रुपये हो गया है।
आर्थिक असमानता बढ़ने का आरोप
रितेश पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार केवल पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है, जबकि आम जनता आर्थिक संकट से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के संसाधनों और सार्वजनिक उपक्रमों का लाभ सीमित लोगों तक ही सीमित किया जा रहा है, जिससे आर्थिक असमानता बढ़ रही है।
महिलाओं और मध्यम वर्ग पर सबसे ज्यादा असर
कांग्रेस नेताओं के अनुसार महंगाई का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है और हर परिवार का बजट बिगड़ चुका है।
मनरेगा और रोजगार पर भी उठाए सवाल
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में शुरू की गई मनरेगा योजना का उल्लेख करते हुए कहा गया कि यह गरीबों को रोजगार का अधिकार देती थी, जिसे वर्तमान सरकार ने कमजोर कर दिया है। साथ ही बेरोजगारी के कारण युवाओं का भविष्य संकट में बताया गया।
“भाजपा निर्मित आपदा” बनी महंगाई
रितेश पटेल ने कहा कि बढ़ती महंगाई अब आम जनता के लिए “भाजपा निर्मित आपदा” बन चुकी है। रेलवे टिकट, स्कूल-कॉलेज फीस और बैंक सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी से आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
केंद्र सरकार से की गई मांगें
जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि महंगाई पर तत्काल नियंत्रण किया जाए, पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों में राहत दी जाए तथा आम जनता को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
ये नेता रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री रितेश पटेल, जेपी यादव, जिला उपाध्यक्ष तरुण गोलछा, प्रदेश सचिव सकुर खान, शहर अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन, ब्लॉक अध्यक्ष मर्दापाल देवेंद्र कोर्राम, कमलेश दुबे, वरुण सेठिया और लालसाय बघेल उपस्थित रहे।








