Buy Advt. Space

कोण्डागांव बैठक में अण्डर ट्रायल लोक अदालत हिट एंड रन पर चर्चा

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिला मुख्यालय स्थित न्यास सदन भवन में अण्डर ट्रायल रिव्यू कमेटी, नेशनल लोक अदालत, मॉनिटरिंग सेल एवं हिट एंड रन मामलों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री खिलावन राम रीगरी ने की।

वरिष्ठ अधिकारियों की रही उपस्थिति

बैठक में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विक्रम प्रताप चंद्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेशमा बैरागी पटेल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गायत्री साय, अपर कलेक्टर चार्ली ठाकुर सहित लोक अभियोजन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग एवं नारायणपुर जिले के अधिकारी उपस्थित रहे।

अण्डर ट्रायल मामलों पर विशेष चर्चा

अण्डर ट्रायल रिव्यू कमेटी की बैठक में ऐसे बंदियों के मामलों की समीक्षा की गई, जो लंबे समय से विचाराधीन हैं या जमानत मिलने के बावजूद शर्तें पूरी नहीं कर पा रहे हैं। न्यायाधीश ने पात्र बंदियों के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही बंदियों के अधिकारों की सुरक्षा और न्याय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

नेशनल लोक अदालत को लेकर निर्देश

आगामी 09 मई 20206 को आयोजित नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने के लिए राजस्व मामलों को अधिक से अधिक संख्या में प्रस्तुत कर उनका निपटारा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस विभाग को ट्रैफिक चालानों को भी लोक अदालत में शामिल करने के लिए कहा गया।

मॉनिटरिंग सेल में निर्माण कार्यों की समीक्षा

मॉनिटरिंग सेल की बैठक में नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निर्माणाधीन आवासों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।

हिट एंड रन मामलों में मुआवजा प्रक्रिया पर जोर

हिट एंड रन मामलों में अज्ञात वाहनों से हुई दुर्घटनाओं के पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पर चर्चा हुई। पुलिस एवं परिवहन विभाग को आवश्यक दस्तावेज तैयार कर एसडीएम को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि पीड़ितों को समय पर सहायता मिल सके।

Leave a Comment