ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । राज्य शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से कोण्डागांव विकासखंड के ग्राम पंचायत चेमा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार बुधवार को संपन्न हुआ।
विभागों ने लगाए स्टॉल, योजनाओं की दी जानकारी
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने अपने स्टॉल के माध्यम से पोषण आहार का प्रदर्शन करते हुए विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
गोदभराई और अन्नप्राशन संस्कार संपन्न
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस अवसर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पोषण के प्रति किया जागरूक, सुपोषण किट वितरित
शिविर में गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही कुपोषित बच्चों को पोषण अभियान के तहत सुपोषण किट का वितरण भी किया गया।
बाल विवाह मुक्त कोण्डागांव का दिया संदेश
ग्रामीणों को बाल विवाह मुक्त कोण्डागांव बनाने के उद्देश्य से जागरूक किया गया। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता सोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनिता कोर्राम, उपाध्यक्ष श्री टोमेन्द्र सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्री नंदलाल राठौर एवं श्रीमती यशोदा कश्यप सहित जिला पंचायत सीईओ, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी, जनपद पंचायत सीईओ और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








