Buy Advt. Space

कोंडागांव में बंद मक्का प्लांट शुरू करने सीपीआई ने सौंपा ज्ञापन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) जिला परिषद् कोंडागांव ने “मां दंतेश्वरी मक्का प्रोसेसिंग प्लांट” से जुड़ी समस्याओं के समाधान और बंद पड़े प्लांट को पुनः प्रारम्भ करने की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन को संबोधित करते हुए डिप्टी कलेक्टर को सौंपा गया।

प्लांट बंद होने से बढ़ी चिंता

ज्ञापन में बताया गया कि कोंडागांव जिले के ग्राम कोकोड़ी में स्थापित यह मक्का प्रोसेसिंग प्लांट विभिन्न समस्याओं के कारण वर्तमान में बंद है। सीपीआई ने इस स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है।

ग्रामीणों ने लगाए प्रदूषण के आरोप

ग्रामीणों की शिकायतों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि प्लांट से निकलने वाले दूषित जल से खेतों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। साथ ही राख, धुआं और दुर्गंध से वातावरण प्रदूषित हो रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

प्रदर्शन के बाद बंद हुआ प्लांट

इन समस्याओं के समाधान में प्रशासन की लापरवाही के कारण ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ा, जिसके चलते उग्र प्रदर्शन और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। इसके बाद प्रशासन ने प्लांट को “अगले आदेश तक” बंद करने के निर्देश दिए।

हिंसा की निंदा, प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार

सीपीआई ने किसी भी प्रकार की हिंसा की निंदा करते हुए कहा कि इस स्थिति का मूल कारण ग्रामीणों की समस्याओं को नजरअंदाज करना है, जिसके लिए सरकार और प्रशासन की नीतियां जिम्मेदार हैं।

किसानों से किए वादे नहीं हुए पूरे

ज्ञापन में कहा गया कि प्लांट स्थापना के समय किसानों से मक्का की उचित मूल्य पर खरीदी का वादा किया गया था, लेकिन वर्तमान में न तो नियमित खरीदी हो रही है और न ही किसानों को उचित मूल्य मिल पा रहा है।

सीपीआई की प्रमुख मांगें

सीपीआई ने ज्ञापन के माध्यम से चार प्रमुख मांगें रखी हैं—

  1. ग्रामीणों की शिकायतों की स्वतंत्र जांच कर प्रदूषण व फसल नुकसान के आंकड़े सार्वजनिक किए जाएं।
  2. प्लांट संचालन को पर्यावरणीय और तकनीकी रूप से सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं।
  3. किसानों की मक्का की नियमित, पारदर्शी और उचित दर पर खरीदी सुनिश्चित की जाए।
  4. शासन-प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से संवाद कर समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए।

आंदोलन की दी चेतावनी

सीपीआई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो किसानों के साथ मिलकर शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद रहे पदाधिकारी

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला सचिव शैलेश, सह सचिव जयप्रकाश, दिनेश सहित सरादू, सोमारू, रामचंद, मानसिंग और बुधराम समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment