Buy Advt. Space

केशकाल में चाकू से हमला करने वाला आरोपी लकी सिंग गिरफ्तार

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । केशकाल थाना पुलिस ने चाकू से हमला कर हत्या के प्रयास करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

घायल युवती के बयान से हुआ खुलासा

पुलिस को 26 मार्च 2026 को सूचना मिली कि एक युवती को चाकू से घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केशकाल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल युवती से पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि आरोपी लकी सिंग से पहले उसकी बातचीत होती थी, लेकिन परिवार के मना करने पर उसने संपर्क बंद कर दिया था।

रास्ते में रोककर किया हमला

घटना की रात करीब 9:30 बजे गांधी मार्ट से काम कर लौटते समय शाहिद हनफी की मुर्गी दुकान के पास आरोपी लकी सिंग अचानक सामने आया और बातचीत नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया। बचाव के दौरान युवती के हाथ और जांघ में चोटें आईं।

मामला दर्ज, आरोपी था फरार

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।

पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा तथा एसडीओपी केशकाल श्री अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में थाना केशकाल और साइबर टीम ने लगातार प्रयास कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

आरोपी ने कबूला जुर्म

गिरफ्तार आरोपी लकी सिंग उर्फ उरवानुष भेलवा, निवासी सोरिद डिपोपारा थाना धमतरी, से पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद 29 मार्च 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक गुलाब टंडन, सउनि सुरेश मरकाम, आरक्षक कमलेश कंवर, दीपक ध्रुव, रामेश्वर देहारी सहित साइबर टीम के प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय एवं अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment