Buy Advt. Space

कोंडागांव में हेलमेट बैंक पहल, सड़क सुरक्षा बढ़ाने की नई पहल

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । जिले में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक अभिनव पहल के रूप में ‘हेलमेट बैंक’ संचालित किया जा रहा है। बस्तर संभाग के कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने शुक्रवार को कोंडागांव विकासखंड के ग्राम मसोरा में इस पहल का निरीक्षण किया और इसे सराहनीय बताया।

कमिश्नर ने की पहल की सराहना

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने कहा कि दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यह पहल बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मॉडल का विस्तार अन्य स्थानों पर भी किया जाए।

सिर्फ 10 रुपये में मिल रहा हेलमेट

हेलमेट बैंक के तहत जिन लोगों के पास हेलमेट नहीं होता, वे पंचायत से मात्र 10 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से हेलमेट लेकर यात्रा कर सकते हैं। उपयोग के बाद हेलमेट को वापस जमा कर दिया जाता है, जिससे अन्य लोग भी इसका लाभ उठा सकें।

09 ग्राम पंचायतों में शुरू हुई सुविधा

यह योजना जिले की 9 ग्राम पंचायतों में संचालित हो रही है। इनमें मसोरा, बनियागांव, मर्दापाल, मांझी आठगांव, लंजोड़ा, अनंतपुर, मस्सूकोकड़ा, माकड़ी और बड़े राजपुर शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और हेलमेट के उपयोग को प्रोत्साहित करना है।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, एसडीएम श्री अजय उरांव, तहसीलदार श्री मनोज रावटे, जनपद पंचायत सीईओ श्री उत्तम महोबिया तथा ग्राम मसोरा की सरपंच श्रीमती सुकली बाई मरकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

‘हेलमेट बैंक’ जैसी पहल न केवल दुर्घटनाओं को कम करने में सहायक है, बल्कि लोगों में जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Leave a Comment