Buy Advt. Space

कोंडागांव मांदरी नृत्य दल भारत ट्राइब फेस्ट में करेगा राज्य प्रतिनिधित्व

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । कोंडागांव जिले का लिंगो घोटुल मांदरी नृत्य दल अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला का प्रदर्शन करने जा रहा है। यह दल नई दिल्ली में आयोजित भारत ट्राइब फेस्ट-2026 में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेगा।

राज्य स्तरीय जीत से राष्ट्रीय मंच तक पहुंच

कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में इस दल ने राज्य स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति लोक कला महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद अब इस दल को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुति का अवसर मिला है।

राष्ट्रपति से मिल चुका है सम्मान

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर अंबिकापुर में आयोजित इस महोत्सव में शानदार प्रदर्शन के लिए दल को देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के हाथों सम्मानित किया गया था, जो जिले के लिए गर्व की बात है।

नई दिल्ली में देंगे प्रस्तुति

सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री कृपेन्द्र तिवारी ने बताया कि भारत ट्राइब फेस्ट-2026 का आयोजन 18 मार्च से 21 मार्च 2026 तक सुंदर नर्सरी, नई दिल्ली में किया जाएगा। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित 7 राज्यों के कलाकार अपनी जनजातीय कला का प्रदर्शन करेंगे।

बस्तर की संस्कृति को मिलेगी नई पहचान

कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह कोंडागांव जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि दल अपनी प्रस्तुति से बस्तर की समृद्ध लोक संस्कृति को देशभर में पहचान दिलाएगा और राज्य का नाम रोशन करेगा।

ग्राम राहटीपारा के कलाकारों को मिला मौका

इस राष्ट्रीय आयोजन में कोंडागांव जिले के ग्राम राहटीपारा, बालेंगा के मांदरी नृत्य दल द्वारा छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया जाएगा, जिससे स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा।

यह उपलब्धि न केवल जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति के लिए गौरव का क्षण है।

Leave a Comment