ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के तत्वावधान में डी.एन.के. ग्राउंड में भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों के साथ-साथ निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ले रहे युवक-युवतियों ने भी भाग लिया।
छायाचित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलन
कार्यक्रम की शुरुआत जनरल बिपिन रावत के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके पश्चात उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों और प्रशिक्षणार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
युवाओं को बताया जनरल रावत का योगदान
इस अवसर पर परिषद के जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने उपस्थित युवक-युवतियों को संबोधित करते हुए बताया कि जनरल बिपिन रावत भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ थे और उनकी जयंती 16 मार्च को मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि जनरल रावत ने अपने 43 वर्षों के सैन्य जीवन में भारतीय सेना को आधुनिक और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हुआ था निधन
उन्होंने बताया कि जनरल बिपिन रावत का जन्म 16 मार्च 1958 को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में हुआ था। 8 दिसंबर 2021 को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में उनका निधन हो गया था। उनकी दूरदर्शिता और सेना के आधुनिकीकरण में निभाई गई भूमिका के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।
देशभक्ति के नारों से गूंजा परिसर
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने “जनरल बिपिन रावत अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारे लगाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के जिला अध्यक्ष सूरज यादव, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, पूर्व सैनिक श्रीकांत तिवारी, ढालेश साहू सहित निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ले रहे युवक-युवतियां उपस्थित रहे।








