ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। जिले के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र गिरोला में स्थापित पावर ट्रांसफॉर्मर क्रमांक–02 की क्षमता वृद्धि का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस कार्य के तहत ट्रांसफॉर्मर की क्षमता 3.15 एमवीए से बढ़ाकर 5 एमवीए कर दी गई है, जिससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति और अधिक सुदृढ़ व स्थिर होने की उम्मीद है।
ट्रांसफॉर्मर क्षमता बढ़ने से मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति
विद्युत विभाग के अनुसार क्षमता वृद्धि के बाद गिरोला उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में बढ़ती बिजली मांग को पूरा करना आसान होगा। इससे उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी तथा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था और मजबूत होगी।
अधिकारियों की मौजूदगी में पूरा हुआ कार्य
यह कार्य अधीक्षण अभियंता श्री नवीन पोयाम के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यपालन अभियंता श्री टी. एस. उईके और श्री जूसफ़ केरकेट्टा की देखरेख में तकनीकी टीम ने क्षमता वृद्धि का कार्य पूरा किया।
इस दौरान सहायक अभियंता श्री एफ. तिग्गा, श्री एन. एस. कंवर, श्री संजय नाग तथा कनिष्ठ अभियंता श्री विजेंद्र कुमार शार्दूल सहित अन्य तकनीकी कर्मचारी भी मौजूद रहे।
भविष्य की बिजली जरूरतों को मिलेगा सहारा
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ने से भविष्य में क्षेत्र के विकास और बढ़ते विद्युत भार को ध्यान में रखते हुए बेहतर सेवा प्रदान करने में सहायता मिलेगी।
उपभोक्ताओं का जताया आभार
विद्युत विभाग ने इस कार्य के दौरान सहयोग के लिए सभी विद्युत उपभोक्ताओं और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया है।








