ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचकर उद्यानिकी एवं मत्स्य विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं से लाभान्वित किसानों के कार्यों को देखा और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य किसानों को भी इन योजनाओं से जुड़कर लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
जरेबेन्दरी में समन्वित कृषि मॉडल का किया अवलोकन
कलेक्टर ने ग्राम जरेबेन्दरी में उद्यानिकी विभाग की योजनाओं से लाभान्वित किसान श्री लुमन भण्डारी के खेत का निरीक्षण किया। किसान द्वारा समन्वित कृषि प्रणाली के तहत सूरजमुखी की खेती के साथ बत्तख पालन, मुर्गी पालन, टर्की पालन एवं सुअर पालन किया जा रहा है।
श्री भण्डारी को राज्य पोषित समेकित उद्यानिकी विकास योजना के तहत फेंसिंग, नलकूप खनन सह पम्प प्रतिस्थापन, फलोद्यान एवं अंतरवर्ती फसल के लिए कुल 1 लाख 50 हजार रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई है। कलेक्टर ने उनके प्रयासों को सराहनीय बताते हुए इसे अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायक मॉडल बताया।
संकर बीज उत्पादन से किसानों को हो रहा अच्छा लाभ
इसके बाद कलेक्टर ने कोंडागांव विकासखण्ड के ग्राम बड़ेबेन्दरी में किसान श्री भरत राम द्वारा संकर बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत की जा रही लौकी और बैंगन की खेती का निरीक्षण किया। किसान ने बताया कि इस कार्य से प्रति हेक्टेयर लगभग 2 से 2.5 लाख रुपये तक का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है।
इस पहल के लिए उद्यानिकी विभाग द्वारा राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के अंतर्गत निजी क्षेत्र के माध्यम से संकर बीज उत्पादन हेतु 63 हजार रुपये का अनुदान प्रदान किया गया है। कलेक्टर ने अन्य किसानों को भी इस मॉडल को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
मछली पालन में जयराम देवांगन की सफलता
कलेक्टर ने ग्राम जरेबेन्दरी में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के लाभार्थी किसान श्री जयराम देवांगन के कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने योजना के तहत अपनी 1.40 हेक्टेयर भूमि में लगभग 15.40 लाख रुपये की लागत से तालाब का निर्माण कराया है, जिसमें उन्हें शासन की ओर से 6.16 लाख रुपये का अनुदान मिला।
तालाब निर्माण के बाद उन्होंने आधुनिक तकनीकों के साथ मछली पालन और मत्स्य बीज उत्पादन का कार्य शुरू किया, जिससे उन्हें अच्छी आय प्राप्त हो रही है।
अधिकारी भी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, उद्यानिकी अधिकारी श्री लोकेश्वर ध्रुव, मत्स्य विभाग के अधिकारी श्री योगेश देवांगन, कृषि विभाग के अधिकारी श्री कैलाश मरकाम सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








