Buy Advt. Space

जितेंद्र सुराना बने भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक, बस्तर प्रभारी नियुक्त

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने वाले कार्यकर्ता जितेंद्र सुराना को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने उन्हें भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ का प्रदेश सह-संयोजक एवं बस्तर संभाग प्रभारी नियुक्त किया है। इस नियुक्ति की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल देखा गया।

संगठन ने जताया विश्वास

भाजपा संगठन द्वारा दी गई इस नई जिम्मेदारी को लेकर कार्यकर्ताओं ने इसे पार्टी नेतृत्व का भरोसा बताया। लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहकर कार्य कर रहे जितेंद्र सुराना को यह जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी।

वरिष्ठ नेताओं का जताया आभार

नई जिम्मेदारी मिलने पर जितेंद्र सुराना ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री पवन साय, कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक संजू नारायण सिंह तथा भाजपा जिला अध्यक्ष सेवक नेताम सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।

पूरी निष्ठा से निभाऊंगा जिम्मेदारी – सुराना

जितेंद्र सुराना ने कहा कि पार्टी ने समय-समय पर मुझ पर विश्वास जताते हुए विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस बार प्रदेश स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना मेरे लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों की बात है। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा दिए गए इस दायित्व को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करूंगा।

बस्तर संभाग में संगठन को मजबूत करने पर रहेगा फोकस

उन्होंने आगे कहा कि बस्तर संभाग प्रभारी के रूप में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्य किया जाएगा। साथ ही पार्टी की रीति-नीति तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से भाजपा संगठन को और सशक्त बनाने का काम किया जाएगा।

Leave a Comment