ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। दुर्ग जिले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार द्वारा कथित रूप से 10 एकड़ में अफीम की खेती उजागर होने और बलरामपुर जिले में भी अफीम की खेती मिलने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस मामले को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा सरकार पर हमलावर है। गुरुवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी कोंडागांव के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया।
कांग्रेस भवन से निकली रैली, भाजपा कार्यालय की ओर कूच
कांग्रेस कार्यकर्ता पहले कांग्रेस भवन में एकत्रित हुए, जहां से रैली निकालकर भाजपा कार्यालय की ओर कूच किया गया। भाजपा कार्यालय के पास पहले से ही पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग कर दी गई थी। इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी भी देखने को मिली।
कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए साय सरकार पर प्रदेश में नशे के कारोबार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
“छत्तीसगढ़ को नशे का गढ़ बनाना चाहती है भाजपा” – रवि घोष
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रवि घोष ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा छत्तीसगढ़ को नशे का गढ़ बनाना चाहती है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर होने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और अब भाजपा नेताओं के नाम भी इस मामले में सामने आ रहे हैं।
राज्यपाल के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन एसडीएम कोंडागांव को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में पहले से ही घटिया शराब का खेल चल रहा था और अब सूखे नशे का कारोबार भी बढ़ रहा है। हाल ही में दुर्ग जिले के भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत में अफीम की खेती मिलने और बलरामपुर जिले में भी अफीम की खेती मिलने की घटनाएं सामने आई हैं।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इससे छत्तीसगढ़ की छवि खराब हो रही है। राज्य की पहचान अब तक धान उत्पादक राज्य के रूप में रही है, लेकिन इन घटनाओं से प्रदेश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है।
निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि अफीम की खेती से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और इसमें शामिल सभी लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि इसमें किसी अधिकारी या स्थानीय प्रशासन की संलिप्तता पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
युवाओं को नशे से बचाने की अपील
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज कम उम्र के युवा तेजी से नशे की ओर बढ़ रहे हैं, जिसका मुख्य कारण नशीले पदार्थों की आसान उपलब्धता है। यदि समय-समय पर नशे के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती, तो आज स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।
उन्होंने यह भी कहा कि नशे के कारण प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है और कई घटनाओं में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे भी शामिल पाए जा रहे हैं।
आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी है कि यदि सरकार नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करती है, तो कांग्रेस पार्टी प्रदेश के युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जनहित में बड़ा आंदोलन करेगी।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे कांग्रेस पदाधिकारी
इस दौरान जिलाध्यक्ष रवि घोष, प्रदेश महामंत्री नरेश ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष झूमुक दीवान, महामंत्री रितेश पटेल, जे.पी. यादव, प्रदेश सचिव सकुर खान, शहर अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय करन, गौतम साहू, देवेंद्र कोर्राम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। महिला कांग्रेस की ओर से तबस्सुम बानो, लेखनी प्रधान, रंजीता अग्रवाल, गीता मेश्राम, फूलवती नेताम समेत कई कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में भाग लिया।








