ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर उपलब्ध होने जा रहा है। कार्यालय जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोण्डागांव द्वारा 13 मार्च 2026 (शुक्रवार) को एक दिवसीय प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर परिसर के पास होगा आयोजन
यह प्लेसमेंट कैम्प कलेक्टर परिसर, जिला पंचायत के सामने स्थित आशा सिलाई सेंटर के बाजू, कोण्डागांव में आयोजित किया जाएगा। कैम्प का समय पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसमें कोण्डागांव सहित आसपास के जिलों के युवक-युवतियां भी भाग ले सकेंगे।
निजी कंपनियों में 396 पदों पर भर्ती
प्लेसमेंट कैम्प के माध्यम से निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 396 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें अलग-अलग पदों के लिए युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
इन कंपनियों में मिलेंगे रोजगार के अवसर
कैम्प में स्काई ऑटोमोबाइल, कोण्डागांव द्वारा रिलेशनशिप मैनेजर के 6 पद और रिसेप्शनिस्ट के 2 पद पर भर्ती की जाएगी।
वहीं सेल्फ इंटिलिजेंट सिक्यूरिटी सर्विसेस, भिलाई द्वारा सिक्यूरिटी गार्ड के 100 पद, सिक्यूरिटी सुपरवाइजर के 50 पद, फील्ड ऑफिसर, ट्रेनिंग ऑफिसर, मार्केटिंग मैनेजर और अकाउंटेंट के 2-2 पद तथा लेबर के 200 पद भरे जाएंगे।
इसके अलावा स्वतंत्र माइक्रोफिन प्रा. लि. में फील्ड ऑफिसर के 30 पद शामिल हैं।
आवश्यक दस्तावेज साथ लाना होगा अनिवार्य
प्लेसमेंट कैम्प में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज फोटो के साथ सभी मूल दस्तावेज और उनकी छायाप्रति लेकर निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होना होगा।
युवाओं से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील
जिला रोजगार कार्यालय ने युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाकर निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करें और अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएं।








