Buy Advt. Space

कोंडागांव में बिहान महिला कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, मानदेय बढ़ाने और अधिकारों की मांग

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के एक दिन बाद कोंडागांव में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत कार्यरत महिला कार्यकर्ता अपने अधिकारों की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आईं। सोमवार को सक्रिय महिला सीआरपी, कृषि सखी और पशु सखी महिलाओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया और बाद में रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर शासन के नाम ज्ञापन सौंपा।

डीएनके मैदान में किया धरना प्रदर्शन

महिलाओं ने नगर के डीएनके मैदान में एकत्रित होकर अपनी मांगों को लेकर धरना दिया। धरना के बाद सैकड़ों महिलाओं ने रैली निकालते हुए एसडीएम कार्यालय तक मार्च किया और अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

मानदेय बढ़ाने की प्रमुख मांग

प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि वर्तमान में उन्हें मात्र ₹1910 प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जो उनके कार्य के अनुरूप बेहद कम है। उन्होंने मांग की कि मानदेय को बढ़ाकर ₹10,000 प्रतिमाह किया जाए तथा इसे छत्तीसगढ़ शासन के न्यूनतम वेतन अधिनियम के दायरे में लाया जाए।

कार्यभार कम करने की भी उठाई मांग

महिला कार्यकर्ताओं ने बताया कि उन्हें विभागीय कार्यों के अलावा स्वच्छता अभियान, आयुष्मान कार्ड जैसे अतिरिक्त कार्य भी दिए जाते हैं, जिससे कार्यभार बढ़ जाता है। उन्होंने मांग की कि अतिरिक्त कार्यों का बोझ कम किया जाए तथा ऑनलाइन कार्य के लिए मोबाइल, इंटरनेट और यात्रा भत्ता भी उपलब्ध कराया जाए।

नियमितीकरण की भी मांग

धरना दे रही महिलाओं ने यह भी मांग रखी कि वर्षों से कार्य कर रही महिला कार्यकर्ताओं का नियमितीकरण कर उन्हें नियुक्ति पत्र दिया जाए, ताकि उन्हें स्थायी रोजगार का लाभ मिल सके।

मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

महिला कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

बड़ी संख्या में महिलाएं रहीं उपस्थित

धरना प्रदर्शन और रैली में बिहान सक्रिय महिला संघ की जिला अध्यक्ष मधुबाला बोरकर, उपाध्यक्ष भावना परासर, सचिव हेमंतिन नाग, पशु कृषि संघ के जिला अध्यक्ष बासन नेताम, जिला सचिव भाग्यलक्ष्मी तथा कोंडागांव ब्लॉक सचिव जानकी ठाकुर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Comment