Buy Advt. Space

गैस सिलेंडर कीमत बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने मोदी सरकार का पुतला फूंका

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । घरेलू और कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोंडागांव में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस भवन से रैली निकालते हुए कार्यकर्ता पुराने बस स्टैंड पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।

गैस की कीमतों में बढ़ोतरी पर जताया विरोध

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 7 मार्च 2026 से घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कॉमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इससे आम जनता, विशेषकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ेगा। रसोई गैस आम लोगों की दैनिक जरूरत है, लेकिन सरकार की नीतियों के कारण लगातार महंगाई बढ़ती जा रही है।

कांग्रेस भवन से निकली रैली

बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन से रैली निकाली। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुराने बस स्टैंड पहुंची, जहां प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस से झूमाझटकी

पुतला दहन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी की स्थिति भी देखने को मिली। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

महंगाई चरम पर – मोहन मरकाम

मीडिया से बातचीत में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने कहा कि देश में महंगाई चरम पर है। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण गैस के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने गैस की बढ़ी हुई कीमतों को जल्द वापस नहीं लिया तो कांग्रेस आने वाले समय में और भी बड़े आंदोलन करेगी।

कई कांग्रेस पदाधिकारी रहे मौजूद

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवी घोष, पूर्व जिलाध्यक्ष झूमुक दीवान, महामंत्री रितेश पटेल, जेपी यादव, शहर अध्यक्ष नरेन्द्र देवांगन, ब्लॉक अध्यक्ष संजय करन, देवेंद्र कोर्राम, महिला शहर अध्यक्ष श्रीमती हेमा देवांगन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment