ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। पंडित दीनदयाल उपाध्याय सम्मेलन के आयोजन को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिले में जिला स्तरीय पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। भाजपा कार्यालय में हुई इस बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों ने हिस्सा लिया।
सम्मेलन की रूपरेखा पर हुई चर्चा
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सेवक नेताम ने सम्मेलन की रूपरेखा, आयोजन की तैयारी और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
12 मंडलों में होगा आयोजन
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के 12 मंडलों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय सम्मेलन का आयोजन 10 मार्च से 31 मार्च तक किया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम को 20 दिनों के भीतर सफलतापूर्वक पूर्ण किया जाए और हर मंडल में इसकी प्रभावी तैयारी की जाए।
विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य
पार्टी नेताओं ने बताया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठित करना तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाना है।
ये पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में भाजपा महामंत्री अनिल अग्रवाल, विजय पोया, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज जैन, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, जिलाउपाध्यक्ष जितेन्द्र सुराना, संतोष कटारिया, आकाश मेहता सहित सभी मंडल अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।








