दुर्ग। थाना जामुल क्षेत्र के रावणभाठा में शराब सेवन को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चाचा ने अपने ही भतीजे पर लोहे के पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी। जामुल पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 10 घंटे से कम समय में गिरफ्तार कर लिया।
शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 मार्च 2026 की रात लगभग 11:30 बजे सूचना मिली कि रावणभाठा जामुल निवासी हेमंत साहू की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में पाया कि मृतक और उसके चाचा आशीष साहू (25 वर्ष) के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था।
विवाद के दौरान आरोपी ने लोहे के पाइप से मृतक के सिर के पीछे बार-बार प्रहार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
10 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
मृतक की माता श्रीमती ललिता साहू की रिपोर्ट पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 142/2026, धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
पुलिस टीम ने त्वरित पतासाजी एवं घेराबंदी कर 3 मार्च 2026 को आरोपी को जामुल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद किया गया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत न्यायालय में पेश कर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवादों को शांतिपूर्ण एवं कानूनी माध्यम से सुलझाएं। नशे की हालत में उत्पन्न विवाद गंभीर अपराध का रूप ले सकते हैं। कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Durg Crime;शराब विवाद में चाचा ने की भतीजे की हत्या, 10 घंटे में आरोपी गिरफ्तार








