ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । कोण्डागांव जिले में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोण्डागांव पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। संयुक्त कार्यवाही में एक टाटा कर्व कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जप्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मुखबिर सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस
पुलिस को 24 फरवरी 2026 को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की टाटा कर्व कार (क्रमांक CG 04 QE 1421) में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब भरकर दुर्ग-भिलाई से जगदलपुर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन पकड़ा गया
संयुक्त टीम द्वारा कनेरा रोड, जगदलपुर बायपास चेक पोस्ट, कोण्डागांव में नाकाबंदी की गई। इसी दौरान रायपुर की ओर से आ रही संदिग्ध टाटा कर्व कार को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार व्यक्तियों से पूछताछ एवं तलाशी लेने पर अवैध शराब बरामद हुई।
कार से मिली भारी मात्रा में शराब
वाहन की तलाशी के दौरान कार के बीच सीट से 04 कार्टून तथा डिक्की से 15 कार्टून कुल 19 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद की गई। प्रत्येक कार्टून में 50 × 180 ml पैकिंग अंकित थी। कुल मिलाकर 950 पौवा शराब जप्त की गई, जिसकी मात्रा 171 बल्क लीटर आंकी गई।
जप्त शराब की अनुमानित कीमत : ₹ 1,21,600
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने वाहन में सवार तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया:
- निहाल सिंह भाटिया (उम्र 24 वर्ष), निवासी अभनपुर, जिला रायपुर
- दिनेश बुनकर (उम्र 27 वर्ष), निवासी कोण्डागांव
- रूपेश उर्फ राजा सोनी (उम्र 24 वर्ष), निवासी कोण्डागांव
जप्त सामान का विवरण
कार्यवाही के दौरान निम्नलिखित सामग्री जप्त की गई:
- मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब (गोवा) – 950 पौवा (171 बल्क लीटर)
- टाटा कर्व कार CG 04 QE 1421 – कीमत ₹ 8,00,000
- 04 मोबाइल फोन (Infinix, Samsung, Redmi) – अनुमानित कीमत ₹ 40,000
कुल जुमला कीमत : ₹ 9,61,600
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली कोण्डागांव में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। विधिक कार्यवाही पूर्ण कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्यवाही
यह पूरी कार्यवाही पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन, तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी रूपेश कुमार एवं साइबर सेल डीएसपी नरेन्द्र पुजारी के नेतृत्व में संपन्न हुई।
टीम का विशेष योगदान
इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, साइबर सेल प्रभारी सौरभ उपाध्याय सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।








