Buy Advt. Space

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने कुएमारी कैंप का आकस्मिक निरीक्षण किया

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने थाना केशकाल क्षेत्र अंतर्गत स्थित कुएमारी कैंप एवं प्रस्तावित नवीन थाना भवन कुएमारी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैंप में तैनात CAF बटालियन की बी कंपनी तथा जिला बल के जवानों से संवाद स्थापित कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जवानों का दरबार, समस्याओं पर हुई चर्चा

पुलिस अधीक्षक ने कैंप में उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों का दरबार लेकर उनकी व्यक्तिगत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जवानों की समस्याओं, सुझावों और गुजारिशों को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

पारिवारिक पृष्ठभूमि और शिक्षा पर संवाद

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारी-कर्मचारियों की पारिवारिक पृष्ठभूमि की जानकारी ली और उनके परिवार के कुशल-क्षेम के बारे में चर्चा की। साथ ही उन्होंने जवानों के बालक-बालिकाओं के लिए उपलब्ध शासकीय एवं पुलिस प्रशासन की योजनाओं, विशेषकर हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी एवं उच्च शिक्षा से संबंधित सुविधाओं की जानकारी भी साझा की।

उत्कृष्ट कार्य पर शाबाशी और आशीर्वाद

पुलिस अधीक्षक ने कैंप में तैनात CAF एवं जिला बल के जवानों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शाबाशी और आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने जवानों को कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुशासन के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।

विशेष कार्य योजना की सराहना, इनाम की अनुशंसा

कैंप में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की विशेष कार्य योजनाओं का अवलोकन करते हुए पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए उचित इनाम की अनुशंसा भी की। यह निरीक्षण जवानों के मनोबल को सुदृढ़ करने और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment