ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । शहर के में मंगलवार को बस टिकट काउंटर का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर बस संचालकों को कॉम्प्लेक्स भवन की चाबियां भी सौंपी गईं।
नए बस स्टैंड से होगा नियमित संचालन
नगरीय प्रशासन के अनुसार अब सभी बसों का नियमित संचालन नए बस स्टैंड से किया जाएगा। पुराना बस स्टैंड बसों के ठहराव के लिए उपयोग में नहीं रहेगा, जिससे शहर के भीतर यातायात दबाव कम होने की उम्मीद है।
यात्रियों की सुविधा के लिए निर्धारित ठहराव
आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख स्थानों — रायपुर नाका, जय स्तंभ चौक, चौपाटी एवं बंधा तालाब — के पास बसों का निर्धारित समय के लिए ठहराव रहेगा। रात्रिकालीन समय में सुमित बाजार के पास भी अल्पकालीन ठहराव सुनिश्चित किया गया है।
नियम उल्लंघन पर जुर्माने का निर्णय
बस संचालकों द्वारा सर्वसम्मति से तय किया गया कि नियमों का उल्लंघन करने पर पहली बार 5 हजार रुपए और दूसरी बार 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। प्रशासन ने इसे सुव्यवस्थित यातायात के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
नगरपालिका अध्यक्ष नरपती पटेल ने कहा कि नई व्यवस्था से शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी और नागरिकों को राहत मिलेगी। यह पहल आधुनिक शहरी विकास और बेहतर यातायात प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
स्थानीय व्यापार और रोजगार को बढ़ावा
बस स्टैंड परिसर में 8 नए कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए भूमि पूजन भी संपन्न हुआ। इससे स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा और रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
जनसहयोग की अपील
नगरीय प्रशासन ने नागरिकों से नई व्यवस्था का पालन करने तथा नए बस स्टैंड से बस सेवाओं का उपयोग करने की अपील की है, ताकि शहर में सुचारू यातायात एवं बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं जनप्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बस संचालक और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








