Buy Advt. Space

धान केंद्र खोलने की मांग पर किसान आर-पार की तैयारी में

By

ब्यूरो नूतन साहू ।आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोदोबतर के अंतर्गत आने वाले किसानों ने लंबे समय से लंबित धान उपार्जन केंद्र खोलने की मांग को लेकर आर-पार की तैयारी कर ली है। किसानों ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि वर्तमान उपार्जन सत्र में कोदोबतर में नया केंद्र नहीं खोला गया, तो वे 12 नवंबर 2025 को राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130C) पंटोरा के पास उग्र प्रदर्शन और चक्काजाम करेंगे।

किसानों का कहना है कि शासन द्वारा वर्षों पहले सोहागपुर समिति से पृथक कर कोदोबतर समिति का गठन किया गया था, लेकिन अब तक वहां कार्यालय या उपार्जन केंद्र शुरू नहीं किया गया। इसके चलते कोदोबतर क्षेत्र के 14 ग्रामों के सैकड़ों किसानों को हर साल धान विक्रय के लिए सोहागपुर केंद्र जाना पड़ता है। वहां जगह की कमी के कारण खरीदी कार्य में अक्सर बाधा आती है और किसानों को तौलाने में देरी, आर्थिक नुकसान तथा अतिरिक्त परिवहन खर्च का सामना करना पड़ता है।

किसानों ने बताया कि उन्होंने कई बार प्रशासन को ज्ञापन देकर समस्या से अवगत कराया है, मगर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब किसानों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि इस सत्र में कोदोबतर में नया उपार्जन केंद्र नहीं खोला गया, तो आंदोलन जारी रहेगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में जनपद सदस्य भीम निषाद, ग्राम पंचायत बारूका सरपंच गैंदी बाई कंवर, घुटाकुनावापारा सरपंच हीरा बाई ध्रुव, और कोदोबतर सरपंच मनीष ध्रुव शामिल रहे। उन्होंने कहा कि प्रशासन की चुप्पी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी, इस बार किसान अपने हक के लिए सड़क पर उतरेंगे।

Leave a Comment