दुर्ग। नेवई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन्वेस्टमेंट स्कीम के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले आरोपी प्रकाश चंद पाढ़ी को उड़ीसा के संबलपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर लोगों को एमसीएक्स कंपनी में निवेश कर हर माह 3 से 7 प्रतिशत मुनाफा देने का लालच दिखाकर 49 लाख 50 हजार रुपए की ठगी करने का आरोप है।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी प्रकाश चंद पाढ़ी और उसका साथी संतोष आचार्य मिलकर फर्जी बांड पेपर बनाकर निवेशकों को झांसा देते थे। जब निवेशकों ने पैसे की वापसी की मांग की तो आरोपी मुकर गया और बांड पेपर को फर्जी बता दिया।
मुख्य आरोपी संतोष आचार्य पहले से ही संबलपुर जेल में बंद है, वहीं प्रकाश चंद पाढ़ी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कमल सिंह सेंगर और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि ऐसे ठगों से सावधान रहें और किसी भी इन्वेस्टमेंट स्कीम में पैसा लगाने से पहले पूरी जांच-परख जरूर करें।
दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई : इन्वेस्टमेंट के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार








