Buy Advt. Space

राष्ट्रीय राजमार्ग पर मौत बनकर खड़ा है कंटेनर: प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल

By


(बालोद/दल्ली राजहरा से अंकित टाटिया की विशेष रिपोर्ट )

राष्ट्रीय राजमार्ग 930 के अंतर्गत दल्ली राजहरा-बालोद रोड से मानपुर चौक तक के क्षेत्र में हाईवे से सटे जमीन पर अवैध रूप से भारी कंटेनर ट्रॉली खड़े किए जा रहे हैं। यह कंटेनर न केवल यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं बल्कि स्थानीय नागरिकों व राहगीरों की जान के लिए खतरा बनते जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने इस संबंध में प्रशासन को कई बार आवेदन दिए हैं, लेकिन अब तक कोई सख्त कार्यवाही नहीं की गई है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन मानो किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है। हाईवे के किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े इन कंटेनरों के कारण हर वक्त सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

कंटेनर की आड़ में हो रहा है नियमों का खुला उल्लंघन

NH-930 जैसे व्यस्ततम राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस प्रकार की अनियमितता गंभीर लापरवाही को दर्शाती है। नियमों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे इस तरह से स्थायी रूप से कोई भी भारी वाहन या कंटेनर खड़ा नहीं किया जा सकता। इससे न केवल ट्रैफिक की गति प्रभावित होती है, बल्कि चालकों की दृश्यता भी बाधित होती है, जिससे हादसे की संभावना बढ़ जाती है।

राहगीरों और दोपहिया चालकों की जान पर बनी है आफत

मानपुर चौक के पास यह समस्या और भी गंभीर हो गई है। दोपहिया वाहन चालकों को इन कंटेनरों की वजह से बार-बार अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे पीछे से टकराने की घटनाएं आम हो गई हैं। कुछ स्थानों पर तो कंटेनर इतने पास खड़े हैं कि पैदल चलने वालों को भी सड़क के बीच से गुजरना पड़ता है, जो उनके लिए जानलेवा साबित हो सकता है।

प्रशासन मौन, जनहित में मांग उठी कार्रवाई की

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध रूप से लगाए गए इन कंटेनरों को तुरंत हटाया जाए और जिम्मेदार लोगों पर कानूनी कार्यवाही की जाए। साथ ही NH-930 पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और CCTV कैमरों की व्यवस्था की जाए।

अगर प्रशासन समय रहते नहीं जागा, तो यह लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। जनहित को देखते हुए तुरंत सख्त कदम उठाना अब समय की मांग बन चुकी है।

Leave a Comment