Buy Advt. Space

भिलाई स्टील प्लांट एरिया में दिखा लकड़बग्घा, वन विभाग ने लोगों को किया अलर्ट

By

(ब्यूरो रिपोर्ट)

दुर्ग जिले के भिलाई शहर में बुधवार रात एक लकड़बग्घे (हाइना) को घूमते देखा गया है। टाउनशिप एरिया में घूम रहे लकड़बग्घे का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वन विभाग और बीएसपी प्रबंधन ने लोगों को सावधान रहने के लिए अलर्ट किया है। सोशल मीडिया में लकड़बग्घे के दो वीडियो दिखाई दे रहे हैं। पहले मुर्गा चौक शहरी एरिया में और दूसरा भिलाई स्टील प्लांट के रेलवे रेक लगने वाले एरिया में जहां जंगलनुमा क्षेत्र है।

वन विभाग को इस घटना की जानकारी मिल गई है और अधिकारी मौके का जायजा ले रहे हैं। विभाग का कहना है कि लकड़बग्घा जंगल से भटककर भोजन की तलाश में आया हो सकता है। फिलहाल उसकी तलाश के लिए टीम को लगाया गया है।

वायरल इमेज

वहां से गुजर रहे एक युवक ने बनाया वीडियो

जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो 28 मई की रात एक बजे का है। सेक्टर-1 स्थित मुर्गा चौक (एक्यूपमेंट चौक) के पास एक लकड़बग्घा (हाइना) घूमते हुए साफ दिख रहा है। उस समय पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा था। वहां से गुजर रहे एक युवक ने इसका वीडियो बना लिया।

सावधानी बरतने की सलाह

विशेषज्ञ बताते है कि लकड़बग्घा इंसानों के लिए इतना खतरनाक नहीं है, लेकिन कुछ विशेष परिस्थितियों में या भोजन नहीं मिलने की स्थिति में वो उन पर भी हमला करता है। इसे देखते हुए लोगों को रात के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पहले भी कई बार देखे जा चुके हैं जंगली जानवर

यह पहली बार नहीं है जब भिलाई स्टील प्लांट एरिया में जंगली जानवर घुस आया हो। इससे पहले भी 4 महीने पहले यहां तेंदुआ घूमता हुआ देखा गया था। तेंदुए का घूमते हुए और गाय का मांस खाते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। इसके बाद बीएसपी और वन विभाग के अधिकारियों ने ट्रैप कैमरे लगाकर उसकी तलाश की थी।

तलाशी के दौरान जब तेंदुआ कहीं नहीं मिला तो दो बीएसपी और वन विभाग ने दो अलग अलग बयान दिए। वन विभाग के अधिकारी ने कहा कि तेंदुआ दल्ली राजहरा से ट्रेन में चढ़कर आ गया होगा।

उन्होंने ट्रैप कैमरे लगाए थे उसमें उसकी तस्वीर भी कैद हुई है। वहीं बीएसपी उद्यान के प्रभारी डॉ. एनके जैन ने दावा किया था कि वो वीडियो दूसरी जगह का है। उन्होंने कहा था कि वीडियो एक महीने पुराना है।

Leave a Comment