भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के स्टील मेल्टिंग शॉप-3 (एसएमएस-3) ने एक और ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित करते हुए स्टील लेडल के परिचालन जीवन (Ladle Life) में नया रिकॉर्ड कायम किया है। संयंत्र के स्टील लेडल क्रमांक-09 ने 119 हीट पूरी कर 19,955 टन इस्पात उत्पादन में योगदान दिया, जो पूर्व में दर्ज 116 हीट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ता है।
यह असाधारण अभियान 3 जून 2025 को आरंभ हुआ, जब लेडल-09 ने अपनी पहली हीट ली थी। इस पूरे अभियान में तकनीकी दक्षता, समयबद्ध निरीक्षण, सटीक रख-रखाव और टीम वर्क ने प्रमुख भूमिका निभाई। लेडल बे ऑपरेशन टीम और रिफ्रैक्टरी इंजीनियरिंग विभाग (आरईडी) की संयुक्त निगरानी और दिन-रात की सतर्कता ने इस सफलता को संभव बनाया।
हर हीट के बाद लेडल का गहन निरीक्षण किया गया। विशेष रूप से इंटरमीडिएट मेंटेनेंस के दौरान बॉटम, मेटल जोन और स्लैग जोन की सघन जांच कर आवश्यक मरम्मत की गई। परिणामस्वरूप न केवल उत्पादन में निरंतरता बनी रही, बल्कि लेडल बे की समग्र फ्लीट की कार्यक्षमता भी बनी रही।
कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार ने इस उल्लेखनीय प्रदर्शन पर दोनों विभागों की टीम को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा, “यह रिकॉर्ड संयंत्र की तकनीकी निपुणता और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और हमें अपनी सभी उपलब्धियों को इसी आधार पर आगे बढ़ाना चाहिए।”
इस अभूतपूर्व सफलता के पीछे मुख्य महाप्रबंधक (आरईडी) श्री प्रोसेन्जीत दास एवं मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) श्री त्रिभुवन बैठा का मार्गदर्शन रहा। इसके अतिरिक्त महाप्रबंधक (एसएमएस-3) श्री डी.एल. कुमार और श्री एच.बी. मलिक, सेक्शन इंचार्ज (एसएमएस-3, आरईडी) श्री मोहम्मद साबिर, लेडल बे इंचार्ज श्री जावेद अंसारी, श्री जे.एल. मारकंडे एवं उनकी टीमों ने समर्पण के साथ कार्य किया।
यह उपलब्धि न केवल संयंत्र के तकनीकी क्षमताओं का परिचायक है, बल्कि भावी अभियानों के लिए एक प्रेरणास्त्रोत भी है। यह सफलता भिलाई इस्पात संयंत्र के निरंतर नवाचार और गुणवत्ता प्रतिबद्धता की मिसाल बन गई है
भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-3 ने रचा कीर्तिमान, 119 हीट में 19,955 टन स्टील उत्पादन








