छुरा ब्लॉक पित्तेश्वर हरपाल गरियाबंद ! फिंगेश्वर विकासखंड के बेलटुकरी गांव के लोगों को अब बारिश और धूप से निजात मिलेगी। लगभग 3,507 आबादी वाले इस गांव में 707 जॉब कार्डधारी परिवार हैं। लंबे समय से ग्रामीणों की मांग थी कि बाजार के लिए स्थायी हाट का निर्माण हो, क्योंकि अब तक बाजार खुले स्थान पर लगता था, जिससे बरसात और तेज धूप में लोगों को भारी परेशानी होती थी।
इस मांग पर कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत के प्रस्ताव के आधार पर ग्रामीण हाट (बाजार चौक) के निर्माण को 5 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इसमें से 3 लाख 10 हजार रुपये मनरेगा और 1 लाख 90 हजार रुपये जिला पंचायत विकास निधि से स्वीकृत किए गए हैं।
निर्माण कार्य के लिए जनपद पंचायत फिंगेश्वर द्वारा आदेश जारी किया गया है। ले-आउट स्वीकृत होने के बाद श्रमिकों की नियोजन प्रक्रिया शुरू कर कॉलम गड्ढा खुदाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि हाट निर्माण पूरा होने के बाद बाजार व्यवस्थित और सुरक्षित स्थान पर लगेगा, जिससे आमजन को बरसात और गर्मी दोनों में राहत मिलेगी।
बेलटुकरी गांव में 5 लाख की लागत से ग्रामीण हाट का निर्माण शुरू








