भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू चिकत्सालय एवं अनुसंधान केंद्र (जेएलएनएचआरसी) में 5 से 11 अक्टूबर 2025 तक अंतर्राष्ट्रीय संक्रमण निवारण सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य संक्रमण निवारण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और रोगियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
इस वर्ष का वैश्विक थीम “स्टैंड यूपीपीपी – यूनाइट, प्रोटेक्ट, प्रिवेंट एंड प्रीवेल” रहा, जो स्वास्थ्य सेवाओं में एकता और सामूहिकता को उजागर करता है। 7 अक्टूबर को कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. विनीता द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर और डॉ. उदय कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया और ओपीडी परिसर में पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्रों और कर्मचारियों ने संक्रमण नियंत्रण पर संदेश देने वाले पोस्टर बनाकर भाग लिया।
डॉ. विनीता ने हाथों की स्वच्छता और सफाई के महत्व पर जोर दिया, डॉ. ठाकुर ने आगंतुक नियंत्रण की आवश्यकता बताई, और डॉ. उदय कुमार ने सतत जागरूकता की बात कही। अपोलो कॉलेज ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से संक्रमण रोकथाम का महत्व दर्शाया।
सप्ताह के दौरान 9 अक्टूबर को वयस्क टीकाकरण पर व्याख्यान और 10 अक्टूबर को हाउसकीपिंग स्टाफ के लिए प्रश्नोत्तरी आयोजित की जाएगी। समापन समारोह 11 अक्टूबर को पुरस्कार वितरण के साथ होगा।
बीएसपी-जेएलएन चिकत्सालय में अंतर्राष्ट्रीय संक्रमण निवारण सप्ताह 2025








