Buy Advt. Space

बालोद में धान खरीदी की सफल शुरुआत, पहले दिन 9,655 क्विंटल धान की खरीदी

By

बालोद से अंकित टाटिया की रिपोर्ट।

बालोद, 15 नवंबर 2025।समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की बहु-प्रतीक्षित प्रक्रिया आज से पूरे प्रदेश में प्रारंभ हो चुकी है, और इसी कड़ी में बालोद जिले में भी पहले दिन धान खरीदी का कार्य सुचारु एवं सफल ढंग से संपन्न हुआ। जिले के विभिन्न उपार्जन केन्द्रों में किसानों की भारी उपस्थिति ने यह साबित कर दिया कि इस वर्ष भी किसान धान खरीदी व्यवस्था को लेकर उत्साहित हैं और सरकार द्वारा किए गए इंतजामों से संतुष्ट नजर आए।

उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री राजेन्द्र राठिया ने जानकारी दी कि पहले दिन जिले की 59 सहकारी समितियों में 15,500 किसानों के लिए धान विक्रय हेतु टोकन जारी किए गए थे। टोकन जारी किए जाने के बाद आज जिले के 39 उपार्जन केन्द्रों में कुल 237 किसानों से 9,655 क्विंटल धान की खरीदी की गई। उन्होंने बताया कि जिन किसानों का टोकन आज के लिए निर्धारित था, वे सुबह से ही अपने-अपने धान लेकर केन्द्रों में पहुंचने लगे थे।

धान खरीदी केन्द्रों में किसानों का आत्मीय स्वागत भी किया गया। अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा किसानों को फूलमाला और पारंपरिक गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे किसानों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। इसके बाद निर्धारित क्रम के अनुरूप नाप-तौल कर धान खरीदी की प्रक्रिया की गई। कई किसानों ने पहले ही दिन अपना धान बेच पाने पर संतोष व्यक्त किया और सरकार द्वारा बनाए गए प्रबंधों की सराहना की।

इस पूरी प्रक्रिया को सुचारु बनाने का श्रेय जिले की कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन और निर्देशों को जाता है। उनके निर्देशानुसार सभी उपार्जन केन्द्रों में किसानों के लिए शुद्ध पेयजल, छांव, बैठने की सुविधा, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं पहले से उपलब्ध कराई गई हैं। कलेक्टर के निर्देश पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खाद्य एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी लगातार केन्द्रों का निरीक्षण कर धान खरीदी कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

पहले दिन बालोद जिले में धान खरीदी की सुचारु व्यवस्था और किसानों की संतुष्टि यह संकेत देती है कि आने वाले दिनों में भी यह प्रक्रिया सहज, पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से जारी रहेगी।

Leave a Comment