कार्यशाला के मुख्य अतिथि वरिष्ठ उप महाप्रबंधक, पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ़ इंडिया लिमिटेड, दुर्ग उपकेन्द्र, मेड़ेसरा श्री अजय महादेव राव कापसे थे तथा विशिष्ट अतिथि श्री ओमप्रकाश चन्द्रम्, मुख्य प्रबंधक (संचरण पथ–निर्माण) थे। कार्यशाला में संकाय सदस्य के रूप में भिलाई इस्पात संयंत्र के सहायक प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन – राजभाषा), श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी उपस्थित थे। मुख्य अतिथि श्री अजय महादेव राव कापसे ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदी ही वह भाषा है जो अखिल भारतीय स्तर पर व्याप्त है। हिंदी के माध्यम से भारत के किसी भी प्रदेश में संवाद किया जा सकता है। हिंदी में कामकाज करना हमारा राष्ट्रीय दायित्व है अतः हमें अपना समस्त कार्य हिंदी में ही संपादित करना चाहिए। श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने गूगल ऑनलाइन वॉइस टाइपिंग का प्रदर्शन करते हुए कंप्यूटर में यूनिकोड इंस्टाल करके मोबाइल में बोलकर कंप्यूटर में हिंदी टायपिंग करने की प्रक्रिया बतलाई| उन्होंने राजभाषा को प्रोत्साहन हेतु सामान्य ज्ञान, पर्यावरण, सुरक्षा एवं हिंदी पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया।कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथिगणों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अभियंता एवं हिंदी अधिकारी सुश्री निशा देशमुख ने हिंदी प्रतिवेदन प्रस्तुत किया| प्रबंधक (अनुरक्षण) श्री अजय रावल ने हिंदी की वैश्विक स्तर पर व्यापकता एवं प्रभावशीलता पर अपने विचार रखे| कार्यशाला में सुश्री सुशीला मुद्दू (पी.एस.) एवं श्री किशोर ठाकरे, टेक्नीशियन (ओ एण्ड एम) सहित उपकेन्द्र, मेड़ेसरा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यशाला का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन अभियंता एवं हिंदी अधिकारी सुश्री निशा देशमुख ने किया।








