दुर्ग। नेवई पुलिस ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से लगभग 1.40 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया है। वहीं दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
मामला ऐसे खुला
दिनांक 26 अगस्त 2025 को प्रगति नगर, रिसाली के रहने वाले प्रार्थी दिनेश बैंजामिन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पड़ोसी जयदीप सिंह के घर में चोरी हुई है। जयदीप सिंह परिवार सहित केरल गए हुए थे। काम वाली बाई ने घर का ताला टूटा देखकर उन्हें सूचना दी।
पुलिस जांच में पता चला कि अज्ञात चोरों ने घर के पीछे की किचन की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी का सामान अस्त-व्यस्त कर नगदी व जेवरात ले गए। चोरी में 60,000 नगद, 2 तोला सोने की चैन, मोबाइल और अन्य कीमती सामान चोरी होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने किया खुलासा
विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेही तेजेश्वर जांगड़े उर्फ चिंटू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी ठमेश्वर साहू उर्फ रवि के साथ चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी से बरामद सामान में शामिल हैं –
सोने की चैन – ₹80,000
08 नग चांदी के सिक्के – ₹8,000
03 जोड़ी चांदी की बिछिया – ₹1,500
नगद – ₹1,000
चोरी में प्रयुक्त स्कूटी एक्टिवा (CG 07 BH 0309) – ₹50,000
कुल जुमला – ₹1,40,500
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी तेजेश्वर जांगड़े को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि दूसरा आरोपी ठमेश्वर साहू उर्फ रवि फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस टीम का योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कमलसिंह सेंगर के नेतृत्व में प्र0आर0 महावीर, आर0 लोकेश सलाम और आर0 रवि बिसाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नेवई पुलिस कार्रवाई: चोरी का आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ लाख का माल बरामद








