Buy Advt. Space

दुर्ग: भाई ने भाई का गला रेत डाला, घर में छुपाई गई सच्चाई – दो दिन में तीसरी हत्या से सहमा शहर

By

आर के यादव। दुर्ग

दुर्ग जिले में रिश्तों का खून एक बार फिर सड़कों पर बहा। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के डबरा पारा दक्षिण में छोटे भाई ने गुस्से में बड़े भाई की टंगिया से वार कर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद घरवाले सच छुपाते रहे, लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ में परतें खुल गईं।

मौसी के घर रहते थे तीनों भाई
मृतक की पहचान 27 वर्षीय सुदामा ठाकुर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका 25 वर्षीय छोटा भाई शरद ठाकुर है। दोनों अपने बड़े भाई चंद्रशेखर ठाकुर के साथ मौसी-मौसा के घर में रह रहे थे, क्योंकि माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था।

मानसिक स्थिति थी खराब, पैसों को लेकर विवाद
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शरद कुछ साल पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसके बाद उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई थी। वह कोई काम नहीं करता था और अकसर भाइयों से पैसों की मांग करता था। शनिवार देर रात भी इसी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि शरद ने गुस्से में टंगिया उठाई और सुदामा के गले व चेहरे पर कई वार कर दिए।

खून से लथपथ भाई, परिजन बोले – अज्ञात ने हमला किया
वारदात के बाद रातभर घायल सुदामा घर पर ही पड़ा रहा, परिजन अस्पताल ले जाने से बचते रहे। सुबह मोहल्ले वालों ने खून से सने सुदामा को देखा तो पुलिस को सूचना दी। जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पूछताछ में पहले परिजन बोले – “किसी अज्ञात ने हमला किया”। मगर CSP भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने जब सख्ती दिखाई, तो सच सामने आ गया – कातिल उसका अपना छोटा भाई था।

“आपसी विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या की। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।” – सत्यप्रकाश तिवारी, CSP भिलाई नगर


दो दिन में तीसरी हत्या, दहशत में लोग
दुर्ग जिले में महज 48 घंटों के भीतर यह तीसरी हत्या है। लगातार हो रही वारदातों ने लोगों के बीच डर का माहौल बना दिया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी शरद को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।


यह मामला सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि समाज में बढ़ती हिंसा और तनाव की खतरनाक तस्वीर भी है—जहां मामूली विवाद भी खून में बदल जाता है।

Leave a Comment