ब्यूरो रिपोर्ट। रिसाली
रिसाली जोहार चौक के पास सड़क सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय और अनोखी पहल देखने को मिली है। यहां आवारा घूम रहे मवेशियों को रेड लाइट रिफ्लेक्टिव बेल्ट पहनाकर सुरक्षित किया गया है, जिससे रात के समय सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

समाजसेवियों पत्रकार आर के यादव ,वीनू पुलवानी, पत्रकार विनोद देवांगन,रवि कुमार साहू, स्थानीय लोगों के सहयोग से यह पहल जोहर रिसाली क्षेत्र में शुरू की गई। सड़क पर बैठे या चल रहे मवेशी अक्सर रात के अंधेरे में दिखाई नहीं देते, जिससे दुपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को अचानक सामने आ जाने पर दुर्घटना का शिकार होना पड़ता है। खासकर घुमंतू गायों की वजह से कई हादसे पहले भी हो चुके हैं।
लेकिन अब रेड लाइट बेल्ट की वजह से ये मवेशी दूर से ही नजर आने लगेंगे और वाहन चालक सतर्क हो सकेंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है:
“यह बहुत जरूरी कदम था। पहले रात में बैठे मवेशी बिल्कुल नहीं दिखते थे और कई लोग चोटिल भी हुए हैं। अब बेल्ट के चलते हम पहले से सतर्क हो जाते हैं।”
“रात के समय गायें और सांड अकसर सड़क पर बैठे होते हैं। तेज़ रफ्तार में गाड़ी चलाने वाला व्यक्ति उन्हें देख ही नहीं पाता और सीधे टक्कर हो जाती है। इस बेल्ट के लगने से अब वो चमकते हैं और हम दूर से ही सावधान हो जाते हैं।”
रात के समय हादसों में कमी की उम्मीद
यह पहल उन स्थानों के लिए एक उदाहरण बन सकती है जहाँ सड़कों पर मवेशियों की अधिकता है। अगर प्रशासन या समाजसेवी संगठनों द्वारा इस मुहिम को बड़े स्तर पर अपनाया जाए, तो सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी लाई जा सकती है।








