Buy Advt. Space

“अधूरी रह गई ज़िंदगी की नई शुरुआत”
भिलाई में नवविवाहित दंपति की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

By


भिलाई, छत्तीसगढ़:
रविवार की रात भिलाई के खुर्सीपार क्षेत्र में एक हंसते-खिलखिलाते नवविवाहित जोड़े की जिंदगी तेज रफ्तार और लापरवाही की भेंट चढ़ गई। रायपुर से लौट रहे शिव कुमार कुर्रे और उनकी पत्नी कमलेश्वरी कुर्रे को एक अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

शिव और कमलेश्वरी की शादी को अभी दो महीने भी नहीं बीते थे। रविवार को वे रायपुर में अपने रिश्तेदारों से मिलकर स्कूटी से अपने घर कोहका लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे खुर्सीपार के तलहा नाला फ्लाईओवर ब्रिज के पास अचानक एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। खुर्सीपार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री शासकीय अस्पताल भेजा। लेकिन परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शवों के साथ अमानवीय व्यवहार किया और एम्बुलेंस की बजाय 112 वाहन में जबरन उन्हें उठाकर ले गई।

परिजनों ने हादसे के बाद गहरी पीड़ा जताई। मृतक के एक रिश्तेदार सूरज कुमार ने बताया,
“शादी को अभी दो महीने भी नहीं हुए थे। दोनों रायपुर से मौसी के घर खाना खाकर लौट रहे थे। हमें सूचना मिली कि बेटा-बहू का एक्सीडेंट हो गया, दौड़कर पहुंचे तो दोनों खत्म हो चुके थे।”

एक अन्य परिजन मुरली बंजारे ने कहा,
“दोनों के शव 40-45 मिनट तक सड़क पर पड़े रहे, लेकिन किसी ने कोई मदद नहीं की। पुलिस ने भी संवेदनहीनता दिखाई।”

हादसे की खबर मिलते ही गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने समझाइश देकर मामला शांत कराया।

मृतक शिव कुमार भिलाई के सुपेला क्षेत्र में एक प्रिटिंग प्रेस में काम करता था, वहीं उनकी पत्नी कमलेश्वरी सेक्टर-10 की निवासी थीं। यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक नई ज़िंदगी के सपनों का बिखर जाना था।

फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।


यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़े करता है – क्या हमारे शहरों की सड़कें सच में सुरक्षित हैं? और क्या हादसे के बाद संवेदनशीलता अब व्यवस्था का हिस्सा नहीं रही?

Leave a Comment