छुरा ब्लॉक पित्तेश्वर हरपाल गरियाबंद, 07 अगस्त 2025/ भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशन में इस वर्ष 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “हर घर तिरंगा-2025” अभियान का आयोजन 2 से 15 अगस्त 2025 तक पूरे देश में किया जा रहा है। गरियाबंद जिले में भी इस राष्ट्रीय अभियान को जनभागीदारी के साथ बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है।
इस वर्ष अभियान की थीम “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” रखी गई है। इसका उद्देश्य जहां एक ओर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है, वहीं दूसरी ओर स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति समाज में चेतना का विस्तार करना है।
तीन चरणों में होंगे विविध आयोजन
यह अभियान तीन चरणों में संचालित हो रहा है:
- प्रथम चरण (2-8 अगस्त):
विद्यालयों व सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा आर्ट से सजाया जा रहा है। रंगोली प्रतियोगिताएं, तिरंगा राखी निर्माण कार्यशालाएं, और तिरंगे के इतिहास पर आधारित प्रश्नोत्तरी जैसे आयोजन किए जा रहे हैं। - द्वितीय चरण (9-12 अगस्त):
इस चरण में तिरंगा मेला और तिरंगा कंसर्ट का आयोजन होगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ी, कलाकार और आम नागरिकों की भागीदारी रहेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, तिरंगा रैली, बाइक व साइकिल रैली के माध्यम से देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा। - तृतीय चरण (13-15 अगस्त):
शासकीय भवनों, पुलों, बांधों, स्कूलों, कॉलेजों, होटलों व कार्यालयों में तिरंगा फहराया जाएगा तथा रोशनी की जाएगी। साथ ही स्वच्छता और जल संरक्षण पर केंद्रित कार्यक्रम भी होंगे।
कलेक्टर ने दिए दिशा-निर्देश, अधिकारियों को सौंपे दायित्व
जिले के कलेक्टर ने अभियान को सफल बनाने हेतु सभी एसडीएम, जनपद सीईओ, नगर पालिका सीएमओ और विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है।
- नोडल अधिकारी: के.एस. नागेश, उप संचालक पंचायत
- सहायक नोडल अधिकारी: योगेश साहू (डीपीएम, आरजीएसए) और अंकित वर्मा (प्रोग्रामर, मनरेगा)
सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित
अभियान में सरकारी संस्थानों के साथ-साथ स्व-सहायता समूह, सामाजिक संगठनों और निजी संस्थाओं को भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कॉर्पोरेट संस्थाओं को उनके CSR संसाधनों के माध्यम से सहयोग के लिए आमंत्रित किया गया है।
डिजिटल अभियान को भी मिली गति
जनमानस को www.harghartiranga.com पोर्टल पर जाकर झंडा फहराने की प्रतिज्ञा लेने और डिजिटल रूप से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
ग्राम पंचायतों को तिरंगा झंडे की खरीदी, प्रचार सामग्रियों (पैम्पलेट, स्टिकर, बैनर) के वितरण के निर्देश जारी किए गए हैं।
स्थानीय डाकघरों और दुकानों को झंडा बिक्री केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है।
प्रचार-प्रसार और निगरानी
सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों व आवासीय क्षेत्रों में तिरंगा लाइटिंग, रंगोली प्रतियोगिता, सेल्फी जोन, ध्वजारोहण जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
भारत सरकार द्वारा संचालित पोर्टल पर प्रतिदिन अभियान की प्रगति की निगरानी की जा रही है।
“हर घर तिरंगा” न केवल राष्ट्रप्रेम को सशक्त बना रहा है, बल्कि स्वच्छता और सामूहिक चेतना को भी एक नई दिशा दे रहा है। गरियाबंद जिला इस अभियान में पूरे उत्साह से सहभागी बनकर मिसाल पेश कर रहा है।








