Buy Advt. Space

उरमाल में बड़ी कार्रवाई, अवैध धान परिवहन पर प्रशासन ने 450 बोरी जप्त की

By

रात 9 बजे तेज रफ्तार वाहन गोदाम में घुसा, प्रशासन ने किया पीछा

पितेश्वर हरपाल बुधवार की रात मैनपुर अनुभाग प्रशासन के लिए एक बड़ी सफलता लेकर आई। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद एसडीएम डॉ. तुलसीदास मरकाम, अमलीपदर तहसीलदार सुशील कुमार भोई, देवभोग तहसीलदार अजय चंद्रवंशी और मण्डी निरीक्षक रजनीकांत तिवारी ने उरमाल चेकपोस्ट से अवैध धान के परिवहन पर नज़र रखनी शुरू की।

ठीक रात 9 बजे सीजी 23 एम 6922 नंबर की 1109 वाहन तेज रफ्तार से नाका पार करती हुई उरमाल में परमेश्वर मालू के गोदाम में जा धँसी। टीम ने तुरंत पीछा करते हुए गोदाम पर दबिश दी।

गोदाम से 250 बोरी, परिसर से 168 बोरी धान जप्त

गोदाम में गाड़ी पहुंचते ही परिजनों ने गेट बंद कर दिया। कारोबारी के उपस्थित न होने पर टीम ने पंचनामा बनाकर ताला तोड़ा और तस्दीक की।
कार्रवाई में—

  • वाहन से 250 बोरी अवैध धान
  • गोदाम से 168 बोरी अतिरिक्त धान
    जप्त किया गया।

मामले में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

देवभोग पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई — 150 बोरी और 40 बोरी धान जप्त

इधर मुखबिर की दूसरी सूचना पर थाना प्रभारी फैजुलहोदा शाह और पुलिस टीम ने ओडिशा सीमा से आ रही तीन पिकअप वाहनों को रोका।

  • 150 बोरी धान अवैध परिवहन करते पकड़ा गया
  • एक अन्य स्थान से 40 बोरी डम्प धान बरामद किया गया

जप्त वाहनों में दो छत्तीसगढ़ और एक ओडिशा पासिंग शामिल है।

धंधे का नेटवर्क खुला — ओडिशा का धान छत्तीसगढ़ में खपाया जा रहा था

सरकार की समर्थन मूल्य खरीदी का फायदा उठाने अवैध बिचौलिये महीनों से सक्रिय थे। सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट होने के बाद भी कारोबारी चोरी-छिपे धान की खेप छत्तीसगढ़ में खपा रहे थे।
उरमाल में पकड़ी गई खेप भी ओडिशा से लाई गई थी, जिसे स्थानीय कारोबारी खपाने की कोशिश कर रहा था।

अवैध कब्जे पर भी कार्रवाई — घास भूमि पर बने बाउंड्रीवाल पर चला बुलडोज़र

तहसीलदार सुशील कुमार भोई ने बताया कि कारोबारी और जनपद सदस्य परमेश्वर मालू ने सरकारी घास भूमि पर अवैध कब्जा कर बाउंड्रीवाल बना रखा था।
प्रशासन ने इसका भी निरीक्षण कर अवैध निर्माण पर बुलडोज़र चला दिया

15 घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान परिजन और कानूनी सलाहकार लगातार हंगामा करते रहे, लेकिन प्रशासन अपनी कार्रवाई पर अडिग रहा।

एसडीएम का सख्त संदेश — “अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी”

एसडीएम डॉ. तुलसीदास मरकाम, तहसीलदार सुशील भोई और देवभोग तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने कहा—
“अवैध धान परिवहन और डम्पिंग करने वालों पर अब लगातार कड़ी कार्रवाई होगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।”

Leave a Comment