Buy Advt. Space

समय-सीमा बैठक में योजनाओं की समीक्षा, गणतंत्र दिवस तैयारियों पर निर्देश

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । कलेक्टर ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गणतंत्र दिवस की तैयारियों पर विशेष जोर

बैठक के दौरान कलेक्टर ने आगामी गणतंत्र दिवस समारोह को गरिमामयी एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने झांकी, परेड एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समय पर तैयारी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपीं।

धान खरीदी और उठाव की समीक्षा

कलेक्टर ने धान खरीदी कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि कोई भी पंजीकृत किसान धान विक्रय से वंचित न रहे। उन्होंने धान उठाव की स्थिति की जानकारी ली और प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग पर सख्त निर्देश

स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान अपार आईडी निर्माण एवं अन्य कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर संबंधित बीईओ को कार्यों में तेजी लाने तथा दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के सख्त निर्देश दिए।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर फोकस

बैठक में लखपति दीदी पहल की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में बीसी सखी के माध्यम से बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

फ्लैगशिप योजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, आयुष्मान भारत, वय वंदन योजना, जनमन योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, जल जीवन मिशन सहित अन्य प्रमुख योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर डीएफओ कोण्डागांव , जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी , अपर कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment