सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम भुनेश्वरपुर स्थित नर्मदापारा प्राथमिक स्कूल में सोमवार को गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया। स्कूल के हेडमास्टर निरंजन कुशवाहा नशे की हालत में विद्यालय पहुंचे और अपने कक्ष में जमीन पर सोते पाए गए। सूचना मिलने पर ग्रामीण स्कूल पहुंचे, जहां हेडमास्टर को देखकर उन्होंने आपत्ति जताई।
ग्रामीणों के पहुंचते ही हेडमास्टर उठकर बच्चों को पढ़ाने की कोशिश करने लगे, लेकिन नशे के कारण वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही मीडिया और शिक्षा विभाग सक्रिय हुआ। मीडियाकर्मियों के सवालों पर भी हेडमास्टर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और वे जिले के कलेक्टर व डीईओ का नाम तक नहीं बता पाए।
मामले की सूचना पर सूरजपुर डीईओ अजय मिश्रा के निर्देश पर रामानुजनगर बीईओ डी.एस. लकड़ा के नेतृत्व में जांच टीम मौके पर पहुंची। टीम ने हेडमास्टर, स्कूल के अन्य शिक्षकों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। ग्रामीणों और शिक्षकों ने बताया कि हेडमास्टर अक्सर शराब पीकर स्कूल आते हैं। हेडमास्टर ने भी पूछताछ में कभी-कभार शराब सेवन की बात स्वीकार की।
जांच के बाद बीईओ ने हेडमास्टर को निलंबित करने की अनुशंसा करते हुए जांच प्रतिवेदन डीईओ को सौंप दिया है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं।
नशे में स्कूल पहुंचा हेडमास्टर, जमीन पर सोता मिला, सस्पेंड की अनुशंसा








