ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिले के ग्राम खड़का निवासी संजू मरकाम ने वर्ष 2024–25 की एसएससी जीडी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर (बीएसएफ) में चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे कोण्डागांव जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि कठिन परिश्रम, दृढ़ इच्छाशक्ति और जिला प्रशासन द्वारा संचालित निःशुल्क लक्ष्य कोचिंग संस्थान के मार्गदर्शन का परिणाम है।
साधारण किसान परिवार से असाधारण सफलता तक
संजू मरकाम एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके माता-पिता भले ही शिक्षित न हों, लेकिन उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी। सीमित संसाधनों के बावजूद संजू ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और अर्थशास्त्र (इकोनॉमिक्स) में स्नातकोत्तर (एम.ए.) तक शिक्षा प्राप्त की।
बचपन से था वर्दी पहनकर देशसेवा का सपना
संजू बताते हैं कि बचपन से ही उन्हें वर्दी से विशेष लगाव रहा है। जब भी वे किसी वर्दीधारी को देखते थे, तो मन में देशसेवा का सपना और मजबूत हो जाता था। पढ़ाई के साथ-साथ वे खेती-किसानी में भी अपने पिता का हाथ बंटाते रहे और मेहनत को जीवन का मूल मंत्र बनाया।
निःशुल्क लक्ष्य कोचिंग बना सफलता की कुंजी
संजू निःशुल्क लक्ष्य कोचिंग संस्थान के पहले बैच के छात्र रहे हैं। प्रवेश परीक्षा में उन्होंने 19वां स्थान प्राप्त किया था। कोचिंग में चयन के बाद उन्होंने अनुशासन, नियमित अध्ययन और निरंतर अभ्यास के साथ अपनी तैयारी को नई दिशा दी।
परिवार और शिक्षकों का मिला पूरा सहयोग
अपनी सफलता का श्रेय संजू अपने माता-पिता, भाई-बहनों और कोचिंग संस्थान के शिक्षकों को देते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी दीदी और बड़े भैया ने उन्हें समय का महत्व समझाया और नियमित दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया। वे प्रतिदिन सुबह दौड़ के लिए जाते थे और समय पर पढ़ाई करते थे।
जिले के युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत
संजू का कहना है कि पहले जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए रायपुर या बिलासपुर जैसे बड़े शहरों में महंगी कोचिंग करनी पड़ती थी, लेकिन अब जिला प्रशासन द्वारा जिले में ही गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है। यह पहल ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
सपना हुआ साकार, चेहरे पर है संतोष और गर्व
आज संजू मरकाम का देशसेवा का सपना साकार हो चुका है। उनकी सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो यह साबित करती है कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।








