ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । पुलिसकर्मियों पर बस चढ़ाने का प्रयास करने वाला आरोपी गिरफ्तार
केशकाल घाटी में यातायात व्यवस्था बाधित करने एवं पुलिसकर्मियों की जान को खतरे में डालने वाले बस चालक के विरुद्ध केशकाल पुलिस द्वारा कड़ी कार्यवाही की गई है।
जाम के दौरान गलत दिशा में ओवरटेकिंग
जानकारी के अनुसार रविवार 04 जनवरी 2026 की रात केशकाल घाटी में लगातार जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान जगदलपुर से नागपुर की ओर जा रही बस क्रमांक CG-17-LC-5355 का चालक तेज रफ्तार से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए गलत दिशा में ओवरटेक कर रहा था।
पुलिस पर बस चढ़ाने का प्रयास
विश्रामपुरी चौक पर केशकाल पुलिस द्वारा बस को रोकने का प्रयास करने पर चालक ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से बस चढ़ाने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी बस से उतरकर पुलिस अधिकारियों के साथ गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार करने लगा।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस द्वारा आरोपी पुष्पेंद्र कोर्राम (उम्र 29 वर्ष) को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया। आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ
प्रार्थी डीएसएफ आरक्षक उमेशदास मानिकपुरी की रिपोर्ट पर थाना केशकाल में आरोपी के विरुद्ध धारा 109, 121(1), 132, 296 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई कार्यवाही
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेंद्र देव पटेल (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री अरुण नेताम (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी विकास बघेल के नेतृत्व में कार्यवाही की गई।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
संपूर्ण कार्यवाही में निरीक्षक विकास बघेल, सहायक उप निरीक्षक निहार रंजन मंडल, हेमंत देवांगन, बुधमल समरथ, प्रधान आरक्षक माधुरी रावटे, आरक्षक मनोहर निषाद, कमलेश कंवर, धर्मेंद्र नेगी एवं लोकेश्वर तारम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








