Buy Advt. Space

RAMP योजना के अंतर्गत कोण्डागांव में ‘उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन MSME उद्यमियों और बैंकों के बीच हुआ सीधा संवाद

By

कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट

कोण्डागांव ! कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय के सभा कक्ष में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा ‘उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) से जुड़े दर्जनों उद्यमियों, बिहान महिला उद्यमियों, पीएमएफएमई, पीएमईजीपी योजना तथा स्टार्टअप प्रतिनिधियों ने भाग लिया।बैठक का उद्देश्य जिले में MSME सेक्टर को प्रोत्साहित करना, औद्योगिक नीतियों की जानकारी देना एवं बैंकिंग प्रक्रियाओं से जुड़ी चुनौतियों का समाधान करना था।इस दौरान जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की प्रभारी महाप्रबंधक श्रीमती कुसुमलता नेताम ने उपस्थित हितग्राहियों को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, RAMP योजना तथा नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024–25 के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा अब छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कई सरल और पारदर्शी प्रक्रियाएँ लागू की गई हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वरोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।कार्यक्रम में जिले के प्रमुख बैंकों भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक सहित अन्य बैंकों के अधिकारियों ने भाग लेकर उपस्थित उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं, ऋण सुविधाओं, मुद्रा योजना और CGTMSE के लाभों की जानकारी दी।बैठक के दौरान बैंकर्स एवं हितग्राहियों के बीच सीधा संवाद हुआ, हितग्राही और बैंकों के अधिकारियों का अलग-अलग समूह बनाकर ऋण स्वीकृति प्रक्रिया, दस्तावेज़ीकरण एवं अन्य औपचारिकताओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई।

बैंक अधिकारियों ने उद्यमियों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया तथा मौके पर ही कई ऋण प्रस्तावों पर कार्यवाही भी प्रारंभ की गई।श्रीमती नेताम ने कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम MSME सेक्टर को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं और भविष्य में ऐसे और भी आयोजन किए जाएंगे। इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक, विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, औद्योगिक संगठन एवं स्थानीय उद्यमी सहित लगभग 200 से अधिक हितग्राही उपस्थित रहे।

Leave a Comment