राजिम। फिंगेश्वर–छुरा प्रमुख मार्ग पर शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में बोरिद निवासी 21 वर्षीय युवक लेखराम सिन्हा की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता वारिस था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद घर में मातम पसरा हुआ है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
जानकारी के अनुसार, लेखराम सिन्हा नवापारा राजिम के फूलचंद कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। शनिवार शाम कॉलेज से लौटने के बाद वह रोज की तरह घर के सामने सड़क किनारे टहल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पल्सर बाइक (CG 23 N 9209) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और युवक को फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिंगेश्वर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने जांच में पाया कि हादसा करने वाला बाइक चालक कुंवर सिंह ध्रुव निवासी अमलोड़ है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वाहन को भी जब्त कर लिया गया है, जबकि बाइक पर सवार घनश्याम पहाड़िया फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से छात्र की मौके पर मौत








