Buy Advt. Space

ठंडी भजिया पर विवाद, शराब पार्टी में दोस्त ने दोस्त की कर दी हत्या

By

रायपुर। राजधानी रायपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली बात पर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। पहले दोनों दोस्तों ने साथ बैठकर शराब पी, फिर ठंडी भजिया को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की जान चली गई। पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है।

शराब पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 दिसंबर की रात दुर्गेश सतनामी और सन्नी साहू कचना स्थित साहू दूध डेयरी के एक कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे। शराब पीने के बाद दुर्गेश भजिया लेकर आया, लेकिन भजिया ठंडी होने पर सन्नी साहू नाराज हो गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई।

लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला

गुस्से में आपा खो बैठे सन्नी साहू ने दुर्गेश पर पहले लात-घूंसे बरसाए, फिर पास रखी लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से दुर्गेश मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया। जब वह नहीं उठा, तो आरोपी उसे उठाने की कोशिश करता रहा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

अस्पताल ले गया आरोपी, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद आरोपी सन्नी साहू दुर्गेश को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दोस्त की मौत के बाद सन्नी शव के पास बैठकर रोता रहा।

CCTV फुटेज से खुला राज

मामले का खुलासा तब हुआ, जब डेयरी संचालक चिंटू साहू ने पुलिस को सूचना दी कि उसके यहां काम करने वाले दोनों कर्मचारी कमरे से गायब हैं। कमरे में खून फैला हुआ था और घसीटने के निशान मिले थे। सूचना मिलते ही खम्हारडीह पुलिस मौके पर पहुंची। CCTV फुटेज की जांच में पूरी वारदात कैमरे में कैद पाई गई।

आरोपी गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी सन्नी साहू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को मेकाहारा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Comment