वीडियो वायरल, बीएलओ के साथ मारपीट की घटना से हड़कंप
रायपुर में मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान एक महिला द्वारा बीएलओ के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर लोग आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं।
स्थानीय लोग बोले शर्मनाक घटना, कार्रवाई होनी चाहिए
वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि महिला बीएलओ पर हाथ उठाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग कर रही है। आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव की कोशिश करते दिखते हैं। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने महिला के व्यवहार की कड़ी निंदा की है।
हालांकि, अब तक इस मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले महंत लक्ष्मी नारायण वार्ड में भी एक महिला बीएलओ ने बीजेपी पार्षद पर धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया था। उस मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ था, जिसमें बीएलओ अपने वरिष्ठ अधिकारी से फोन पर रोते हुए शिकायत करती दिखाई दी थी।
बीएलओ की सुरक्षा पर उठे सवाल
लगातार बढ़ती इन घटनाओं ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है
मतदाता सूची जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लगे बीएलओ आखिर कितने सुरक्षित हैं?
फील्ड में काम करने वाले इन कर्मचारियों पर बार-बार हो रहे हमलों से न केवल उनका मनोबल कमजोर हो रहा है, बल्कि अभियान भी प्रभावित हो सकता है।
प्रशासन की निगरानी जारी, पर कार्रवाई का इंतजार
स्थानीय प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसी घटनाएं चिंताजनक हैं और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो अभियान की गति और गुणवत्ता पर प्रभाव पड़ सकता है।
बीएलओ संघ ने भी कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।








