ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । प्रधानमंत्री पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक और स्थायी बदलाव ला रही है। यह योजना न केवल बढ़ते बिजली खर्च से राहत दे रही है, बल्कि स्वच्छ, सस्ती और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के हरित एवं आत्मनिर्भर ऊर्जा के विजन के अनुरूप छत्तीसगढ़ में योजना का प्रभाव तेजी से दिखाई दे रहा है। कोंडागांव जिला इस योजना के तहत निर्धारित सौर ऊर्जा लक्ष्य की प्राप्ति में अग्रणी बनकर उभरा है।
कार्यशाला से मिली जानकारी, लिया योजना का निर्णय
कोण्डागांव नगर के गांधी वार्ड की निवासी श्रीमती त्रिवेणी देवांगन और उनका परिवार इस बदलाव का जीवंत उदाहरण है। श्रीमती देवांगन के पति श्री ज्ञानेश देवांगन को इस योजना की जानकारी विद्युत विभाग द्वारा आयोजित एक कार्यशाला के माध्यम से मिली। विकास नगर स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित इस कार्यशाला में अधिकारियों ने सोलर रूफ टॉप प्लांट की स्थापना प्रक्रिया, विभिन्न किलोवाट क्षमता, सब्सिडी प्रावधान और ग्रिड कनेक्शन की जानकारी सरल भाषा में दी।
3 किलोवाट सोलर प्लांट से घटा बिजली खर्च
सभी पहलुओं को समझने के बाद श्री ज्ञानेश देवांगन ने अपने घर के लिए 3 किलोवाट क्षमता के रूफ टॉप सोलर प्लांट का चयन किया। दिसंबर 2025 में उनके घर की छत पर सोलर प्लांट स्थापित किया गया। सोलर प्लांट लगने से पहले उनके घर की प्रतिदिन की बिजली खपत लगभग 12 यूनिट थी, जिससे हर माह करीब तीन हजार रुपये तक का बिजली बिल आता था। यह खर्च परिवार के बजट पर अतिरिक्त बोझ बन रहा था।
अब बिजली बिल में राहत, अतिरिक्त आय भी
रूफ टॉप सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अब घर की अधिकांश जरूरतें सौर ऊर्जा से पूरी हो रही हैं, जिससे बिजली बिल में बड़ी राहत मिली है। इसके साथ ही, उत्पादित अतिरिक्त बिजली को ग्रिड के माध्यम से विद्युत विभाग को भेजा जा रहा है, जिससे परिवार को अतिरिक्त आय का लाभ भी मिल रहा है।
15 दिनों में मिली केंद्र की सब्सिडी
श्री ज्ञानेश देवांगन ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा प्रदत्त 78 हजार रुपये की सब्सिडी मात्र 15 दिनों के भीतर उनके खाते में प्राप्त हो गई। राज्य सरकार की सब्सिडी प्रक्रिया में है। सब्सिडी की त्वरित प्राप्ति से योजना के प्रति उनका विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में मजबूत कदम
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना और हर घर तक स्वच्छ ऊर्जा की पहुंच सुनिश्चित करना है। राज्य सरकार द्वारा नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने, नागरिकों को जागरूक करने और योजनाओं का लाभ सरलता से उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना इस विजन को साकार करने में एक मजबूत कड़ी के रूप में सामने आ रही है।








