नया रायपुर से भोरमदेव तक ऐतिहासिक और वैज्ञानिक स्थलों का दौरा
ब्यूरो रवि गहने खैरागढ़। जालबांधा स्थित पीएम श्री सेजेस विद्यालय के कक्षा 6वीं से 12वीं तक के हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम के लगभग 350 छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया गया। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की राजधानी नया रायपुर स्थित साइंस सिटी, पुरखौती मुक्तांगन, शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी संग्रहालय तथा भोरमदेव के ऐतिहासिक स्थल — छेरकी महल, मड़वा महल और सरोधा बांध का अवलोकन किया।
मां सरस्वती पूजन के बाद हुआ प्रस्थान
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती तारा माधवी पिल्ले, के.डी. वर्मा एवं एच.एस. वर्मा के मार्गदर्शन में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर छात्र-छात्राओं को भ्रमण के लिए रवाना किया गया।
विद्यार्थियों में उत्साह, बढ़ी वैज्ञानिक समझ
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने साइंस सिटी में विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडल और प्रयोगों की जानकारी प्राप्त की। वहीं पुरखौती मुक्तांगन में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक धरोहर से परिचित हुए। यहां कर्मा नृत्य, पंथी नृत्य, सुवा नृत्य एवं आदिवासी नृत्य की झलक ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से आकर्षित किया।
इस शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों में उत्साह का माहौल रहा और उनके ज्ञान व समझ में वृद्धि हुई।
पीएम श्री सेजेस जालबांधा के 350 विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण सम्पन्न








