
दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक का शव बरगद के पेड़ से लटका मिला। यह घटना ग्राम पंचायत पंदर के खेल मैदान के पास की है। सुबह जब ग्रामीणों ने पेड़ पर लटका शव देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। मृतक की पहचान अरुण कुमार साहू (22) निवासी ग्राम कुम्हली के रूप में हुई है, जो पेशे से इलेक्ट्रिशियन था।
पुलिस को घटनास्थल से मृतक की बाइक, मोबाइल और अन्य सामान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अरुण रायपुर में किराए के मकान में रहकर इलेक्ट्रिशियन का काम करता था और कुछ दिन पहले ही त्योहार मनाने गांव आया था। परिजनों के अनुसार, वह हाल के दिनों में बहुत शांत और उदास रहने लगा था।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के मोबाइल की जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या की असली वजह सामने आ सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है।








