ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की बदहाल व्यवस्था के विरोध में आम आदमी पार्टी ने किसानों के साथ मिलकर सोमवार को कोंडागांव में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री उत्तम जायसवाल ने किया।
सैकड़ों किसानों ने निकाली रैली, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
चौपाटी मैदान कोंडागांव से सैकड़ों किसानों ने रैली के रूप में अनुविभागीय दण्डाधिकारी कार्यालय तक मार्च किया। यहां एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर शासन के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
धान खरीदी व्यवस्था पूरी तरह चरमराई : आप
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश की धान खरीदी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। बड़ी संख्या में किसानों के टोकन नहीं कट रहे हैं और भौतिक सत्यापन के नाम पर किसानों को अपमानित किया जा रहा है। तकनीकी खामियों का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
एग्रीस्टेक पोर्टल की खामियों से किसानों को नुकसान
आम आदमी पार्टी ने बताया कि एग्रीस्टेक पोर्टल में तकनीकी खामियों और सर्वर डाउन की वजह से लाखों किसानों का रकबा गलत तरीके से काट दिया गया। इसके बाद किसानों पर जबरन रकबा समर्पण का दबाव बनाया गया, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। प्रतिदिन धान खरीदी की सीमा तय होने से किसान अपनी पूरी फसल नहीं बेच पा रहे हैं।
कर्ज में डूबे किसान, हालात चिंताजनक
पार्टी नेताओं ने कहा कि किसानों ने खेती के लिए बैंक और अन्य माध्यमों से ऋण लिया है। समय पर धान नहीं बिकने और भुगतान में देरी के कारण किसान कर्ज चुकाने में असमर्थ हो रहे हैं। प्रदेश के कुछ हिस्सों से आत्मघाती प्रयासों की घटनाएँ सामने आना बेहद चिंताजनक है।
आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांगें
धरना-प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ शासन से मांग की कि—
- किसानों की समस्याओं का तत्काल और स्थायी समाधान किया जाए।
- धान खरीदी की अवधि 28 फरवरी 2026 तक बढ़ाई जाए।
- बेची गई धान की पूरी राशि समय पर किसानों के बैंक खातों में जमा कराई जाए।
- बैंकों में भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त काउंटर और मिनी बैंक की व्यवस्था की जाए।
31 जनवरी को नेशनल हाईवे जाम की चेतावनी
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री उत्तम जायसवाल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र ठोस निर्णय नहीं लिया, तो 31 जनवरी 2026 को किसानों के साथ मिलकर नेशनल हाईवे जाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।








