Buy Advt. Space

बड़ी खबर: नक्सली लीडर देवजी ने तेलंगाना में किया सरेंडर, डेढ़ करोड़ का था इनामी

By

जगदलपुर। नक्सली संगठन के शीर्ष नेता और पोलित ब्यूरो सदस्य थिप्परी तिरुपति उर्फ देवजी के आत्मसमर्पण की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, देवजी ने अपने साथी केंद्रीय समिति सदस्य (CCM) संग्राम के साथ तेलंगाना पुलिस के समक्ष हथियार डाल दिए हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सूत्रों के मुताबिक, बसवा राजू के एनकाउंटर के बाद देवजी को संगठन का महासचिव बनाया गया था। वर्तमान में वह नक्सली संगठन के सबसे बड़े नेताओं में गिना जाता है। उस पर सिर्फ छत्तीसगढ़ में ही करीब डेढ़ करोड़ रुपये का इनाम घोषित था, जबकि संग्राम पर एक करोड़ रुपये का इनाम था।

इधर, बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने कहा कि सीमावर्ती राज्य में कुछ वरिष्ठ नक्सली कैडरों के आत्मसमर्पण की खबरों को लेकर चर्चा चल रही है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि संबंधित राज्य या एजेंसी द्वारा ही की जा सकती है। उन्होंने कहा कि नक्सली संगठन लगातार कमजोर हो रहा है और उसके कैडरों के पास हिंसा त्यागकर मुख्यधारा में लौटने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

आईजी ने नक्सली नेतृत्व से शांति और विकास के रास्ते को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि जो इस वास्तविकता को नहीं समझेंगे, उन्हें इसके परिणामों का सामना करना पड़ेगा। फिलहाल, पूरे मामले पर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Comment