ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । नेशनल लोक अदालत के सफल एवं प्रभावी आयोजन को लेकर मध्यस्थता केन्द्र, कोण्डागांव में न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव किरण चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई।
न्यायिक अधिकारियों की सहभागिता
बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेशमा बैरागी पटेल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गायत्री साय सहित अधिवक्तागण उपस्थित रहे। सभी ने नेशनल लोक अदालत के सुचारू संचालन एवं अधिकतम प्रकरणों के सौहार्दपूर्ण निपटारे पर विचार-विमर्श किया।
14 मार्च को होगी नेशनल लोक अदालत
बैठक के दौरान दिनांक 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों, लंबित मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया तथा पक्षकारों को अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मामलों की छंटनी एवं सहमति पर जोर
विशेष रूप से मामलों की छंटनी, पक्षकारों की सहमति प्राप्त करने तथा आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों के समाधान पर बल दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से त्वरित, सरल एवं कम खर्चीला न्याय संभव है।
अधिवक्ताओं को दिए गए निर्देश
अधिवक्ताओं से अपने-अपने स्तर पर प्रकरणों के शीघ्र समाधान हेतु प्रयास करने एवं पक्षकारों को सुलह के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया गया, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निपटारा आपसी सहमति से किया जा सके।
सरल, सुलभ और कम खर्चीली न्याय प्रक्रिया
बैठक का मुख्य उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को अधिक सरल, सुलभ और कम खर्चीला बनाना तथा आमजन को शीघ्र राहत प्रदान करना रहा।








